चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड स्थित टोपोटोला के गुरुकुल स्कूल में शनिवार को साइंस एवं सोशल साइंस एग्जीबिशन का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कक्षा तीन से नौवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अभिनव मॉडल प्रस्तुत कर सबका ध्यान आकर्षित किया.

एग्जीबिशन में छात्रों ने वोल्केनो मॉडल से लेकर डिजास्टर मैनेजमेंट तक कई विषयों पर आकर्षक प्रस्तुति दी. इसके अलावा स्कूल मॉडल, पॉल्यूशन कंट्रोल, वाइल्डलाइफ संरक्षण, वॉटर रिसोर्सेस, प्रकाश संश्लेषण, कार्बन प्यूरीफिकेशन, हमारी पृथ्वी, हमारी जीवन शैली, ट्रांसपोर्ट सिस्टम, पर्यावरण संरक्षण, रिन्यूएबल एनर्जी और इलेक्ट्रोलाइसिस जैसे विषयों पर भी मॉडल प्रदर्शित किए गए. बच्चों ने वैज्ञानिक सोच और सामाजिक समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.

कार्यक्रम के दौरान स्कूल की डायरेक्टर संध्या प्रधान और चेयरमैन प्रदीप प्रधान ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की. उपस्थित अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए.

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक रमेश प्रधान को विदाई दी गई. हाल ही में उनकी सहायक आचार्य पद पर नियुक्ति हुई है. समारोह में शिक्षक सुदीश प्रधान, नीलिमा, रितेश, मोली, डॉली दास, शालु, कल्याणी, सीमा मुर्मू, अन्नू, प्रिती, मीरा, भाग्यवती और रीना समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं.

