सरायकेला/ Pramod Singh

मधुपुर डाकघर में कर्मियों की कमी के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके जरूरी पार्सल और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज समय पर नहीं पहुंच रहे हैं.
जानकारी के अनुसार मधुपुर डाकघर में कार्यरत पोस्टमैन लालबाबू महतो 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं. इसके बाद से डाक वितरण की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. पोस्टमैन का पद रिक्त होने के कारण चिट्ठी और पार्सल का वितरण नहीं हो पा रहा है.
इस संबंध में पोस्टमास्टर सागर नायक ने बताया कि जब तक विभाग द्वारा नया पोस्टमैन पदस्थापित नहीं किया जाता है, तब तक उपभोक्ताओं को स्वयं डाकघर आकर अपनी चिट्ठी और पार्सल प्राप्त करनी होगी. पोस्टमैन की अनुपस्थिति के कारण मधुपुर डाकघर में चिट्ठियों और पार्सलों का ढेर लग गया है. समय पर डाक सामग्री घर तक नहीं पहुंचने से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि डिजिटल युग के दौर में भी उन्हें डाकघर आकर चिट्ठी और पार्सल लेने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. उपभोक्ताओं ने जल्द से जल्द पोस्टमैन की नियुक्ति की मांग की है, ताकि डाक सेवाएं सामान्य हो सकें.

