जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, कुपोषण, परिवार नियोजन, ममता वाहन, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम समेत सभी स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति और गुणवत्ता पर समीक्षा की गई.

उपायुक्त ने कहा कि आंकड़ों से अधिक जरूरी है कि नागरिक इलाज से संतुष्ट होकर घर लौटें. सदर अस्पताल में डायलिसिस सुविधा की समीक्षा में बताया गया कि अप्रैल से नवंबर तक कुल 835 लोग लाभान्वित हुए हैं. उन्होंने डायलिसिस यूनिट के बेहतर संचालन और मरीजों की उचित देखभाल का निर्देश दिया. घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में भी डायलिसिस और सी-सेक्शन सुविधाओं के बेहतर संचालन पर जोर दिया गया.
उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य विभागीय पदाधिकारियों और एमओआईसी को संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने और लोगों में जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया. उन्होंने पहला एएनसी रजिस्ट्रेशन सुधारने और चौथे एएनसी तक फॉलो अप सुनिश्चित करने के साथ सभी लाभार्थियों को जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ देने के लिए कहा.
बैठक में बहरागोड़ा, चाकुलिया, पटमदा और गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंडों में टीकाकरण की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई. उपायुक्त ने इन क्षेत्रों में विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया. कुपोषण उपचार केंद्र में बेड ऑक्यूपेंसी बढ़ाने और गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग को सशक्त बनाने पर भी जोर दिया गया.
उन्होंने ममता वाहन की संख्या बढ़ाने और प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. डेंगू और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग, जागरूकता अभियान और नेशनल वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के तहत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा. राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन, टीबी उन्मूलन अभियान और दूरस्थ क्षेत्रों में एनीमिया जांच अभियान के विस्तार पर भी चर्चा हुई.
परिवार नियोजन के अंतर्गत नसबंदी जैसी स्थायी योजनाओं को प्रखंड स्तरीय सीएचसी के अनुसार लागू करने, चिकित्सीय संसाधनों को अपडेट रखने और ऑब्जर्वेशन प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसीएमओ डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, डॉ. रंजीत पांडा, डॉ. ए. मित्रा, डॉ. मृत्युंजय धावड़िया, सभी एमओआईसी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
