सरायकेला/ Pramod Singh थाना अंतर्गत बिरसा चौक के समीप शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे दो स्कूटी की आमने- सामने टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में सरायकेला निवासी राजू लोहार, उम्र लगभग 32 वर्ष, और जमशेदपुर के मानगो निवासी मृत्युंजय कुमार वर्मा, उम्र लगभग 50 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मृत्युंजय कुमार वर्मा को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया. वहीं राजू लोहार का इलाज सदर अस्पताल सरायकेला में जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार, राजू लोहार मुढ़ी खरीदने के लिए स्कूटी से बिरसा चौक की ओर आया था, जबकि मृत्युंजय कुमार वर्मा किसी काम से बिरसा चौक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दोनों स्कूटी की तेज रफ्तार में आमने- सामने टक्कर हो गई, जिसमें मृत्युंजय कुमार वर्मा के सिर में गंभीर चोट आई है. पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है.

