चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के टीकर हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाली 22वीं एक दिवसीय डेढ़ लाख टंकियां फुटबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर हरी मंदिर प्रांगण में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता आरएफसी टीकर के अध्यक्ष खगेन्द्र नाथ प्रामाणिक ने की.

बैठक में प्रतियोगिता से जुड़े मुख्य बिंदुओं टाईशीट निर्माण, खिलाड़ियों की एंट्री प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और मैदान प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा हुई. समिति ने निर्णय लिया कि प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन राजा प्रशांत कुमार आदित्यदेव द्वारा किया जाएगा. आयोजन समिति के गुरूदयाल प्रामाणिक ने बताया कि इस बार पुरस्कार राशि विशेष रूप से आकर्षक रखी गई है.
विजेता टीम को डेढ़ लाख रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता टीम को एक लाख 21 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 25- 25 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि खेल को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी तैयारियों की समीक्षा कर ली गई है और समिति के सदस्यों के बीच जिम्मेदारियां भी बांट दी गई हैं.
बैठक में राधानाथ प्रामाणिक, माणिक घोष, अनिल सिन्हा, अभिराम उरांव, जगदीश उरांव, दिवाकर वैवर्त, अमित सिन्हा, बैद्यनाथ दास, देवेन्द्र मांझी, बासुदेव चट्टर्जी, मुकेश साहू, कार्तिक प्रामाणिक और बनमाली रजक सहित कई सदस्य उपस्थित रहे. समिति ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी लोग पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं.

