गम्हरिया: चित्रगुप्त महासमिति गम्हरिया की ओर पारिवारिक मिलन समारोह सह संगीत संध्या का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम बड़ा गम्हरिया स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष केएम. श्रीवास्तव ने की.

समारोह का शुभारंभ समाज के संस्थापक डॉ. मनोज कुमार, शोभा श्रीवास्तव और अच्युतानंद प्रसाद द्वारा भगवान चित्रगुप्त की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. इसके बाद समाज के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखा गया.
समारोह को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकजुटता में होती है. उन्होंने चित्रांश समाज के लोगों से एक-दूसरे से जुड़े रहने और अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की. महासचिव संजय कुमार वर्मा ने भी समाज के सभी सदस्यों से एक सूत्र में बंधकर रहने और जातिगत जनगणना में “कायस्थ” का उल्लेख अवश्य कराने का आग्रह किया.
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित संगीत संध्या में भारती विविध कला मंदिर के कलाकारों — संजय स्वर्णकार, मिस भारती, प्रियंका सेनगुप्ता और कुमार संजय ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया.
समारोह की सफलता में अभय लाभ, महेंद्र प्रसाद कर्ण, भूदेव वर्मा, प्रभाष श्रीवास्तव, महेश श्रीवास्तव, मुकेश कुमार, राकेश रंजन, रागिनी सहाय, मधु वर्मा, साधना श्रीवास्तव और अनिता देवी का विशेष योगदान रहा.
कार्यक्रम में चित्रांश समाज की महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी उपस्थिति रही, जिससे पूरा माहौल पारिवारिक उत्सव में बदल गया.

