रांची: राजधानी रांची पुलिस ने बुधवार को एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से मोगा (पंजाब) के रास्ते अवैध हथियार भारत लाए जा रहे थे. इन हथियारों का इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में कारोबारियों और पूंजीपतियों को डरा- धमकाकर रंगदारी वसूलने के लिए किया जा रहा था.

रांची पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा सहित पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस गिरफ्तारी के बाद कई चौकाने वाले तथ्य सामने आए हैं.

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान ने आपस में गठजोड़ कर रखा है. दोनों गैंग मिलकर बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों का कारोबार और रंगदारी की वसूली का नेटवर्क चला रहे हैं.
ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मोगा (पंजाब) तक हथियार पहुंचाए जाते हैं. इसके बाद इन्हें देश के अलग- अलग हिस्सों में खूबसूरत लड़कियों की मदद से सप्लाई किया जाता है. यही हथियार रांची समेत कई शहरों में दहशत फैलाने और कारोबारियों से लेवी वसूलने में उपयोग किए जाते हैं.
पुलिस के अनुसार, रांची में इनामुल हक उर्फ बबलू खान अपने गुर्गों के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के लिए वसूली का काम करता था. वसूली की गई रकम को प्रिंस खान तक पहुंचाया जाता था, जो आगे यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेज दी जाती थी. उस पैसे से पाकिस्तान में बैठे गिरोह के सदस्य हथियार खरीदते और भारत में भेजते थे.
सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है और इसमें कई राज्यों के अपराधी शामिल हैं. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है.

