मुंगेर: विधानसभा सीट से भाजपा ने इस बार बड़ा राजनीतिक दांव खेला है. पार्टी ने सीटिंग विधायक प्रणव यादव का टिकट काटकर संगठन के प्रति समर्पित और पुराने कार्यकर्ता कुमार प्रणय पर भरोसा जताया है. इस फैसले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है, वहीं तारापुर और आसपास के क्षेत्रों में समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है.

कुमार प्रणय, जो मुंगेर जिले के तारापुर के निवासी हैं, भाजपा से 1984 से जुड़े हुए हैं. उन्होंने पार्टी के प्रखंड और जिला स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं, जिनमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और अन्य संगठनात्मक भूमिकाएँ शामिल हैं. उनका राजनीतिक सफर लगातार सशक्त रहा है और उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक कार्यों में सक्रिय रहा है.
कुमार प्रणय तारापुर पंचायत के मुखिया रह चुके हैं, और उनके परिवार ने लगातार 20 वर्षों तक पंचायत का नेतृत्व किया है. व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो उनके पिता भोला प्रसाद चौधरी, माता मीरा चौधरी, पत्नी और दो बच्चे हैं. पेशे से वे पेट्रोल पंप मालिक हैं और सक्रिय समाजसेवी के रूप में क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते हैं. शैक्षणिक रूप से वे एम.ए. (MA) हैं.
भाजपा के इस कदम को पार्टी के भीतर “पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने” की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है. कुमार प्रणय ने खुद भावुक होते हुए बताया कि उन्हें पता भी नहीं था कि उन्हें उम्मीदवार चुना गया है. जब टीवी पर उनका नाम चला, तभी उन्हें इस बात का अहसास हुआ.
स्थानीय समर्थकों और परिवार वालों ने उनके घर पहुंचकर फूलों की माला पहनाकर बधाई दी. उनके वृद्ध पिता भोला प्रसाद चौधरी ने कहा, “आज मेरे बेटे की मेहनत रंग लाई. भाजपा अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को कभी नहीं भूलती.” समर्थकों ने भी यह कहते हुए खुशी जताई कि पार्टी अपने मेहनती और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को महत्व देती है.
मुंगेर में इस बदलाव के बाद चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने वाला है. भाजपा ने एक आम कार्यकर्ता को खास बना कर यह संदेश दिया है कि संगठन में मेहनत और निष्ठा की हमेशा कदर होती है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
