जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 को लेकर सभी कोषांगों के वरीय, प्रभारी एवं सहायक प्रभारी पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी कोषांगों के पदाधिकारी अपनी कार्ययोजना के अनुसार मिशन मोड में कार्य शुरू करें और निर्वाचन कार्य की सुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करें.
उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और कर्मी अपने दायित्वों को अच्छी तरह समझें और निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करें. उन्होंने मतदाता जागरूकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि स्वीप कोषांग व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करे ताकि प्रत्येक मतदाता को मताधिकार के प्रयोग के प्रति जागरूक किया जा सके.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कार्मिक कोषांग को त्रुटिरहित कर्मियों की सूची तैयार करने, प्रशिक्षण कोषांग को समय पर प्रशिक्षण देने, ईवीएम कोषांग को आवश्यक ईवीएम उपलब्ध कराने, विधानसभावार डिस्पैच सेंटर की तैयारियों और बूथ पर प्रयुक्त सामग्री की वास्तविक उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
साथ ही वाहन कोषांग को वाहनों की आवश्यकतानुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया पर गहन निगरानी रखने समेत अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए गए.
बैठक में उप विकास आयुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, डीटीओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, एलआरडीसी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
