जमशेदपुर: बर्मा माइंस थाना अंतर्गत केपीएस स्कूल के निकट बुधवार को एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई. इस हादसे में करीब एक दर्जन बच्चे और वैन चालक घायल हो गए. हालांकि, बड़ा हादसा होते- होते टल गया.

जानकारी के अनुसार, लगभग तीन से चार स्कूलों के 16 बच्चों को लेकर स्कूली वैन बर्मा माइंस से होते हुए सुंदरनगर की ओर जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक से बचने के क्रम में वैन अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई. इस घटना में वैन क्षतिग्रस्त हो गई और चालक समेत बच्चों को चोटें आईं.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बर्मा माइंस थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाया. वैन चालक जीतेन सोरेन ने बताया कि सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया था.

