गिरिडीह: जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जामतारा पंचायत के पिपराडीह गांव में रविवार शाम करीब 4 बजे मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई. यहां एक महिला पर चोरी का आरोप लगाकर अमानवीय व्यवहार किया गया.

जानकारी के अनुसार, उत्तम यादव ने महिला पर चोरी का आरोप लगाते हुए अपनी बहनों के साथ पहले उसकी पिटाई की. इसके बाद महिला के बाल काट दिए गए और गले में जूते-चप्पल लटका कर अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया. इतना ही नहीं, बाद में उसे कमरे में बंद कर रखा गया.
घटना की जानकारी मिलते ही डुमरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पीड़िता को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया गया. पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
जांच के बाद दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अमानवीय घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

