सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग की टीम ने शुक्रवार को ईचागढ़ थाना क्षेत्र के टीकर, मिलन चौक, जारगोडीह समेत कई जगहों पर औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य खनिज भंडारण और परिवहन व्यवस्था को पारदर्शी बनाना तथा अवैध खनन पर रोक लगाना था.

टीम ने जारगोडीह स्थित जेएसएमडीसी लिमिटेड, सोड़ो के मां तारा इंटरप्राइजेज और कुर्माडीह के मोती कंस्ट्रक्शन के खनिज भंडारण क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन किया. निरीक्षण के दौरान भंडारण पंजी, अनुज्ञप्ति, भंडारित खनिज की मात्रा और दस्तावेजों की जांच की गई. इस दौरान खनिज लदे वाहनों के कागजात, ई-चालान, वाहन पंजीयन और अनुज्ञप्ति की भी जांच की गई. उपायुक्त ने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि खनिज से जुड़ी गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए. नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि खनिज व्यवस्था को पारदर्शी और जनहितकारी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

