जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू और सभी विधायकों के प्रतिनिधि शामिल हुए.

जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा.
बैठक में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई. बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024- 25 और 2025- 26 में कुल स्वीकृत 21111 इकाई में से 688 का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है. इस योजना के तहत लाभुकों को स्वयं से शौचालय निर्माण के पश्चात विभाग द्वारा प्रोत्साहन राशि के रूप में 12 हजार रुपये दी जाती है.
ओडीएफ प्लस गांव को 5 स्टार मॉडल गांव में परिवर्तित करने का निर्णय.
बैठक में ओडीएफ प्लस गांव को 5 स्टार मॉडल गांव में परिवर्तित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें कचरा प्रबंधन के साथ- साथ स्वच्छता को प्रमुखता से बढ़ावा देना है. इसके अलावा गोवर्धन योजना के तहत निर्मित गोबर गैस प्लांट इकाइयों को बेहतर तरीके से संचालन करने का निर्देश दिया गया. बैठक में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के तहत ग्राम स्तर पर सिंगल यूज प्लास्टिक का संग्रहण कर स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग इकाई स्थापित करने की दिशा में पहल करने का निर्णय लिया गया. बागबेड़ा क्षेत्र से प्लास्टिक संग्रहण और प्लास्टिक प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना का सुझाव सांसद विद्युत वरण महतो द्वारा दिया गया. बैठक में हर घर नल जल योजना के तहत चालू नल के माध्यम से सभी घरों को शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया गया. परियोजना से जुड़े संवेदकों के कार्यों में तेजी लाने के लिए कार्यपालक अभियंताओं को जमीन से जुड़े मामले, वन विभाग से एनओसी क्लियरेंस आदि के लिए विभागीय समन्वय के साथ- साथ आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया. बैठक में सिंगल विलेज स्कीम और सिंगल विलेज क्लस्टर स्कीम जो स्रोत के सूखा होने के कारण अपूर्ण हैं, वहां डीप बोरिंग या स्थाई जलस्रोत के माध्यम से नागरिकों के घर तक नल के माध्यम से पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

