चाईबासा/ Jayant Pramanik चक्रधरपुर- सोनुआ मुख्य मार्ग पर अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई की. पोड़ाहाट अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर की गई छापेमारी में बिना वैध चालान के बालू ले जा रहे तीन हाईवा और दो डंपर जब्त किए गए.

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई रात करीब 12:30 बजे से 01:30 बजे के बीच गुप्त सूचना के आधार पर की गई. प्रशासनिक टीम ने सड़क पर घेराबंदी कर अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को रोककर जांच की. जांच के दौरान सभी वाहनों में बिना कागजात के करीब 2500 CFT बालू लदा पाया गया.
जब्त किए गए वाहनों में हाईवा संख्या JH 06L 3272, JH 05 BZ 3932, OD 09A 6361 तथा डंपर संख्या JH 05F 3261 और JH 05Y 1734 शामिल हैं. एसडीओ के निर्देश पर सभी पांचों वाहनों को चक्रधरपुर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है.
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जब्त बालू और वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद संबंधित विभाग को रिपोर्ट सौंपी जाएगी और विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा.

