चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर प्रखंड में एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना कोकचो ओपी थाना क्षेत्र के चिमिसाई गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे स्थित पुराने पंचायत भवन से टकरा गई.


मृतकों की पहचान सुनील कुंकल, चोगो कुंकल और चैतन कुंकल के रूप में हुई है. इनमें चोगो कुंकल और चैतन कुंकल सगे भाई बताए जा रहे हैं. तीनों युवक रायकोला गांव के रहने वाले थे.
जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर झिंकपानी से अपने गांव रायकोला लौट रहे थे. इसी दौरान कोकचो ओपी क्षेत्र के चिमिसाई गांव में घुमावदार सड़क पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुराने पंचायत भवन से टकरा गई. तेज रफ्तार में हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजने की तैयारी करने लगे. लेकिन एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
बताया जा रहा है कि चोगो कुंकल गुजरात से अपने गांव लौट रहा था. उसका भाई चैतन कुंकल और दोस्त सुनील कुंकल उसे लेने झिंकपानी पहुंचे थे. वहां से तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस रायकोला गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

