चाईबासा/ Jayant Pramanik राज्य स्तरीय खेलो झारखंड (एसजीएफआई) साइक्लिंग रेसिंग प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ और मनोहरपुर प्रखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. यह प्रतियोगिता 18 नवंबर से 21 नवंबर तक रांची स्थित खेलगांव बेलोडर्म में आयोजित की गई थी.

प्रतियोगिता में तीन वर्गों अंडर 14, 17 और 19 के बच्चों ने हिस्सा लिया था. अंडर 14 मास स्टार्ट तीन किलोमीटर रेस में मध्य विद्यालय पोड़ाहाट की वनवासी चांपिया ने गोल्ड मेडल जीता. मध्य विद्यालय अर्जुनपुर के डिबुरु हेंब्रम और उच्च विद्यालय मनोहरपुर के बलराम महतो ने भी गोल्ड मेडल हासिल किया है.
अंडर 14 टाइम ट्रायल दो किलोमीटर में डिबुरु हेंब्रम ने सिल्वर और बलराम महतो ने भी सिल्वर मेडल जीता. वहीं लड़कियों के वर्ग में वनवासी चांपिया ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया.
अंडर 17 के मास स्टार्ट तीन किलोमीटर और टाइम ट्रायल छह किलोमीटर रेस में एस एस उच्च +2 विद्यालय सोनुआ के उदय सुंडी ने गोल्ड मेडल जीता. शीला बानरा ने मास स्टार्ट पांच किलोमीटर में गोल्ड और टाइम ट्रायल दो किलोमीटर में सिल्वर मेडल हासिल किया. मरियम हेंब्रम ने टाइम ट्रायल दो किलोमीटर और मास स्टार्ट चार किलोमीटर में गोल्ड और गोल्ड मेडल जीते हैं.
अंडर 19 वर्ग में टाइम ट्रायल चार किलोमीटर और मास स्टार्ट छह किलोमीटर रेस में कृष्णा बोदरा ने दो गोल्ड मेडल जीते. वहीं टाइम ट्रायल नौ किलोमीटर प्रतियोगिता में कृष्णा महतो ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है.
जिला कोच जोंकों सुंडी ने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन नेशनल लेवल में खेलने के लिए फॉरेन साइकिल की आवश्यकता होती है, जो उपलब्ध नहीं है. लोकल साइकिल पर नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं मिलती है.
जिला सचिव गुलांची बांदा ने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में साइक्लिंग रेसिंग के प्रतिभाशाली खिलाड़ी बड़ी संख्या में मौजूद हैं. मनोहरपुर, चक्रधरपुर और खरसावां क्षेत्रों में वर्षों से खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आए हैं, लेकिन महंगी साइकिल उपलब्ध न होने के कारण वे नेशनल लेवल तक नहीं पहुंच पाते हैं.

