चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर स्थित मुनि आश्रम में निर्माणाधीन जगन्नाथ मंदिर का निरीक्षण करने के शुक्रवार को द्वारिका पीठ के शांकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य का जायजा लिया और निर्माण से जुड़े लोगों को कई आवश्यक निर्देश दिए.

गौरतलब है कि मंदिर का निर्माण आध्यात्मिक उत्थान मंडल की देखरेख में किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान शंकराचार्य ने कहा कि मंदिर को भव्य और विशाल स्वरूप में तैयार किया जाना चाहिए ताकि यह क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र बन सके. उन्होंने मंदिर परिसर के साथ-साथ मंदिर तक जाने वाली सड़क का भी निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं पर सुझाव दिए. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया. कार्यक्रम के दौरान चरण पादुका की पूजा- अर्चना भी की गई.

मौके पर आश्रम प्रभारी ब्रह्मचारी विश्वानंद, शिव प्रताप सिंहदेव, इंद्रजीत मलिक सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे. जानकारी के अनुसार मंदिर का निर्माण करीब 1900 वर्ग फीट क्षेत्रफल में किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि मंदिर को दक्षिण भारतीय शैली में तैयार किया जाएगा, जिससे इसकी वास्तुकला विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी.

