चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड के पोड़ाहाट राजा वीर अर्जुन सिंह मैदान में कुड़मी समाज द्वारा आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता गुरुवार को संपन्न हुआ. प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को हुआ था.

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में युवा समाजसेवी सह आंदोलनकारी अमित महतो उपस्थित रहे. उन्होंने फाइनल मुकाबले से पूर्व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया. फाइनल मुकाबला डिपा एफसी और रॉयबू एफसी के बीच खेला गया, जिसमें डिपा एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयबू एफसी को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया.

मुख्य अतिथि अमित महतो ने कहा कि पश्चिम सिंहभूम में फुटबॉल के लिए कोई भी व्यवस्थित स्टेडियम और प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध नहीं है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सामाजिक स्तर से प्रयास कर जल्द ही फुटबॉल क्लब और प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने युवाओं को खेल के माध्यम से करियर बनाने की प्रेरणा भी दी.
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम डिपा एफसी को 40 हजार रुपए, उपविजेता रॉयबू एफसी को 27 हजार रुपए, तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली रेगडबेड़ा टीम को 15 हजार रुपए और चौथा स्थान प्राप्त करने वाली त्रिनाथ बाबा धड़कीडीह टीम को 10 हजार रुपए का इनाम प्रदान किया गया. समारोह में कुड़मी समाज और जय ग्राम युवा संघ पोड़ाहाट के सभी सदस्य मौजूद रहे.

