चाईबासा/ Jayant Pramanik सदर थाना अंतर्गत न्यू कॉलोनी नीमडीह में सुमित यादव की गोली मारकर हत्या को पांच दिन बीत गए हैं, लेकिन पुलिस अब तक खाली हाथ है. जहां पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला- खरसावां पुलिस 24 से 48 घंटे में मामलों का खुलासा कर रही है, वहीं चाईबासा पुलिस सिर्फ जांच का दावा कर रही है.

हत्या के पांच दिन बाद भी सदर थाना पुलिस किसी भी अपराधी को पकड़ने में असफल रही है. इससे हताश होकर सुमित यादव के परिजन गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की. परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपराधियों के बारे में पुलिस को जानकारी दी है और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है. बावजूद इसके अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई. जिन लोगों को पकड़ा जा रहा है, उन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया जा रहा है. परिजन डरे हुए हैं और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगा रहे हैं.

