चाईबासा/ Nitish Thakur झारखंड के दूसरे बाबा धाम के नाम से प्रसिद्ध बाबा महादेवशाल मंदिर के बालक बाबा का आज निधन हो गया. उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे प्रखंड में शोक की लहर दौड़ गई. बताया जाता है कि बालक बाबा बीते कई वर्षों से बाबा महादेवशाल मंदिर परिसर में रहकर भगवान भोलेनाथ की नियमित पूजा- अर्चना करते आ रहे थे. कम उम्र में ही उन्होंने अपना जीवन शिव भक्ति को समर्पित कर दिया था.

मंदिर आने वाले श्रद्धालु पूजा के बाद बालक बाबा से अवश्य मिलते थे और उनका आशीर्वाद लेते थे. बालक बाबा के चाहने वालों की संख्या काफी अधिक थी. बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और बंगाल सहित कई राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच वे विशेष रूप से लोकप्रिय थे. उनके सरल स्वभाव और भक्ति भावना के कारण भक्तों से उनका गहरा जुड़ाव था.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक बाबा का अंतिम संस्कार आज शाम महादेवशाल परिसर में धार्मिक रीति- रिवाजों के अनुसार किया जाएगा. उनके निधन से बाबा महादेवशाल मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है.

