चाईबासा/ पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत जराईकेला, और छोटानागरा थाना क्षेत्र में स्थित सारंडा के दुर्गम जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच गुरुवार सुबह से भीषण मुठभेड़ जारी है.

समारा इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच सुबह से ही आमने-सामने की भिड़ंत चल रही है, जिसमें कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना सामने आ रही है.
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता और आईजी अभियान माइकल राज ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह से ही सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों द्वारा नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है और अब भी रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है. मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है, ताकि भागे हुए नक्सलियों की तलाश की जा सके.
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और जंगल के अंदर गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. फिलहाल मुठभेड़ और सर्च ऑपरेशन को लेकर आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार किया जा रहा है, जबकि प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.

