चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के देवांबीर गांव के टेपासाई टोला में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां बीती रात को लघुशंका के लिए घर से बाहर निकले ग्रामीण सिमोन तिर्की (56 वर्ष) को अगवा कर लिया गया. इसके बाद दिनभर कमरे में बंद कर उसकी पिटाई की गई और दिनदहाड़े चप्पल की माला पहनाकर गांव में घसीटते हुए पीट- पीटकर हत्या कर दी गई.

घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया. हत्या के आरोप में तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं व्यक्ति की पिटाई कर रही हैं और वह काफी लहूलुहान दिखाई दे रहा है.

पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी छानबीन कर रही है. मृतक को गुरुवार की रात उसके घर के बाहर से ले जाया गया था, जिसके बाद सुबह से उसके परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे. शव घर से कुछ दूरी पर स्थित घर में पाया गया, जहां उसकी पिटाई की जा रही थी. फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.

