चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना अंतर्गत सारंडा के सीमावर्ती जंगली और पहाड़ी क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने 5 किलो वजनी आईईडी बम बरामद किया. पुलिस के अनुसार, यह बम नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाया गया था, जिसे सुरक्षा दृष्टिकोण से मौके पर ही बम निरोधक दस्ता की सहायता से सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया.

प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा समेत अन्य सदस्य सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय बताए गए हैं. पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए इलाके में विस्फोटक छिपा कर रखे हैं. इसके बाद झारखंड पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें यह आईईडी बरामद हुआ. पुलिस ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

