चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के समाहरणालय स्थित सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार ने की. इस बैठक में सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सुशांतों माझी, अनुमंडल पदाधिकारी, और अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे.

बैठक में यह जानकारी दी गई कि जिले में कुल 20 अल्ट्रासाउंड सेंटर हैं, जिनमें से 13 सक्रिय हैं. राज्य सरकार के निर्देश के तहत, पांच सेंटरों के साथ एमओयू किया गया है, जिसके तहत गर्भवती महिलाओं को पूरे गर्भावस्था में कम से कम एक बार अल्ट्रासाउंड की सुविधा मुफ्त में प्रदान की जाएगी. बैठक के दौरान जिला समुचित पदाधिकारी ने सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए और आगामी बैठक में निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आदेश दिया. सभी सेंटरों से ऑनलाइन फॉर्म- एफ अनिवार्य रूप से जमा करने को कहा गया है. इसके अलावा, उपायुक्त ने निर्देश दिया कि राज्य के मार्गदर्शन के अनुसार सभी निजी संस्थानों में गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और इसका भुगतान विभाग द्वारा किया जाएगा. बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई, जैसे कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों द्वारा भेजे गए मशीन नवीनीकरण और पुराने उपकरणों के स्थानांतरण संबंधी आवेदन. भ्रूण हत्या रोकने के लिए प्रचार- प्रसार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया. अंत में अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगन्नाथपुर और मनोहरपुर में उपलब्ध अल्ट्रासाउंड मशीन का सही तरीके से उपयोग करने का सख्त निर्देश दिया गया, ताकि इन केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं को तत्काल सुदृढ़ किया जा सके.

