चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाथीबुरू गांव में सीआरपीएफ 60 बटालियन द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का शनिवार को समापन हो गया. शिविर का आयोजन 60 बटालियन के कमांडेंट श्री अंबुज मुथाल, द्वितीय कमान अधिकारी श्री पवन कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ दीपक कुमार एवं सहायक कमांडेंट श्री गोपाल सिंह रावत की उपस्थिति में संपन्न हुआ.

इस अवसर पर हाथीबुरू के ग्राम मुंडा साइमन पूर्ति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. शिविर में हाथीबुरू के अलावा माइलपी, मेरालगढ़ा, लोवावेरा, लिमसाडीह, बमियाबुरू और तिलियाबेरा गांवों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और आवश्यकतानुसार दवाइयां प्राप्त कीं.

कार्यक्रम के दौरान सभी ग्रामीणों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई. आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था.

सीआरपीएफ 60 बटालियन की ओर से कहा गया कि बल सदैव आमजन की सुरक्षा, सेवा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है. भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे.
ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया.

