चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुईडा गांव में सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स की 60 बटालियन द्वारा बुधवार को सिविल एक्शन प्रोग्राम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम का संचालन 60 बटालियन के कमांडेंट अंबुज मुथाल, द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कुमार तथा निरीक्षक जीडी शेर मोहम्मद की उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस अवसर पर कुईडा पंचायत के मुखिया डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

शिविर में कुईडा के अलावा पालुहासा, अमराई, बुरुदुईया, बेरादुईया, बराईबीर, गुटम्बा, गोलासाई, देवांवीर और कदमडीहा गांवों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई और जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां प्राप्त की.
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों के बीच स्कूल बैग, खेल सामग्री जैसे वॉलीबॉल और फुटबॉल का वितरण किया गया. ग्रामीणों को पानी का सिंटेक्स, कंबल और मच्छरदानी दी गई. महिलाओं को साड़ियां एवं बर्तन प्रदान किए गए. किसानों के बीच कृषि उपयोगी सामग्री जैसे बीज, गैती और बेलचा वितरित किए गए.
शिविर में आए सभी ग्रामीणों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई. इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग देना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था.
अधिकारियों ने कहा कि 60 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल आमजन की सुरक्षा, सेवा और सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे. ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना करते हुए बल के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया.

