चाईबासा/ Jyotish Mahali जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सारंडा क्षेत्र के जराईकेला थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित गांवों में सोमवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एफ/134 एवं ई/134 बटालियन द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आवश्यक सामग्री वितरण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह के निर्देशन में किया गया. बी/134 बटालियन द्वारा ग्राम दीघा, ई/134 बटालियन द्वारा ग्राम समठा के बाबुडेरा तथा एफ/134 बटालियन द्वारा अन्य गांवों में कार्यक्रम संचालित किया गया. इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी दीपेंद्र कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में ग्राम समठा स्कूल के प्रधानाध्यापक विजय महतो, ग्राम मुंडा नोंदो सुरीन, वार्ड सदस्य सुशानी गोडसोरा समेत भेंगरा टोली, लोसोदिकिर एदेलबेड़ा और इचापीड़ के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए. बच्चों के बीच स्कूल बैग और खेलकूद सामग्री का वितरण किया गया. वहीं ग्रामीणों को वाटर गैलन, तिरपाल, कंबल, छाता, चप्पल, साड़ी, बर्तन, कुदाल, गेती, मच्छरदानी और हसुआ सहित दैनिक उपयोग की सामग्री प्रदान की गई.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया गया. अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना, बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और सुरक्षा बलों तथा ग्रामीणों के बीच विश्वास को मजबूत करना है.
सीआरपीएफ अधिकारियों ने ग्रामीणों से विकास और शांति के लिए मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की. साथ ही नक्सल गतिविधियों से दूर रहकर आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 134 बटालियन आमजन की सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर है और इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे.
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए सीआरपीएफ के प्रति आभार व्यक्त किया.

