चाईबासा: Report By Jayant Pramanik जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोतरोगढ़ा से एक बेहद सनसनीखेज और भयावह हत्या का मामला सामने आया है. गांव के समीप एक व्यक्ति का धड़ कटा शव बरामद होने से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हरिनाथ लुगुन उर्फ मंगरा, उम्र लगभग 56 वर्ष, ग्राम सारुड़ा, गोइलकेरा निवासी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हत्या बेहद निर्ममता और योजनाबद्ध तरीके से की गई है. मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था. सिर को किसी अन्य स्थान पर फेंक दिया गया, जबकि धड़ को बोरे में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया था.
शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि उसे देखकर ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया. घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की. थाना प्रभारी विक्रांत सिंह मुंडा ने बताया कि हत्याकांड के पीछे आपसी विवाद का मामला सामने आ रहा है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

