चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले में इन दिनों बच्चा चोरी की चर्चाएं तेज हैं. खूंटपानी से चार वर्षीय बच्चे के दो दिनों से लापता होने की घटना के बाद लोगों में सतर्कता बढ़ गई है. इसी बीच बुधवार शाम सोनुआ प्रखंड के कोचापुर गांव में एक महिला को बच्चा चोर के शक में ग्रामीणों ने पकड़ लिया.

ग्रामीणों का आरोप है कि महिला चक्रधरपुर से कोचापुर आने वाली बस से पहुंची थी और एक छोटे बच्चे को उठाकर ले जाने का प्रयास कर रही थी. संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सोनुआ थाना को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
पुलिस के अनुसार महिला अपनी पहचान स्पष्ट नहीं बता पा रही थी. बाद में उसकी पहचान बोकारो जिले के पिंडराजोड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली के रूप में हुई. थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह पिछले तीन वर्षों से घर से इधर- उधर चली जाती है. उसके परिजन और संबंधित मुखिया को सूचना दे दी गई है.
इधर, क्षेत्र में बुधवार को एक अन्य घटना भी सामने आई, जिसमें चौपहिया वाहन सवार कुछ लोग देवांबीर गांव के एक बुजुर्ग को शराब पिलाने का झांसा देकर गाड़ी में बैठाकर ले जा रहे थे. शक होने पर बुजुर्ग बैधमारा के पास वाहन से उतर गया. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें.

