चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ- गुदड़ी मुख्य मार्ग पर सातवा के आसपास बुधवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं.

घायल युवक की पहचान राजखरसावां निवासी सनी हेंब्रम उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार युवक एक दिन पहले अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था. बुधवार शाम वह फुटबॉल प्रतियोगिता देखने के बाद अपने ससुराल से लोढ़ाई लौट रहा था. इसी दौरान सोनुआ- गुदड़ी मुख्य मार्ग पर सातवा के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा.
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को गुरुवार को सोनुआ अस्पताल लाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल युवक का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

