चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड के महुलडीहा मैदान में शुक्रवार को खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2025- 26 के तहत प्रखंड स्तरीय एथलेटिक्स खेलकूद का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य विद्यालय महुलडीहा के शिक्षक गुलाब चंद्र कपूर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न स्कूलों के छात्र- छात्राओं ने तीन आयु वर्गों- अंडर 14, अंडर- 17 और अंडर 19- में हिस्सा लिया. इस दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, शॉट पुट सहित कई एथलेटिक्स इवेंट का आयोजन हुआ.
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) राजीव सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है. खेल के माध्यम से बच्चे न केवल अपने विद्यालय बल्कि अपने प्रखंड, जिला और राज्य का नाम रोशन करते हैं.
कार्यक्रम का संचालन पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोजों के शिक्षक अखलेश प्रधान और मध्य विद्यालय बालिका के जय किशन प्रधान ने संयुक्त रूप से किया. आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की गई थी.
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को बीपीओ राजीव सिन्हा और शिक्षक गुलाब चंद्र कपूर ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया.
मौके पर बीआरपी हिमांशु महतो, कमलेश पांडे, विजय बहादुर, एनी सामड सुरीन, मनीष दास, प्रमिला टुडू, रवींद्र नाथ महतो, सुनीता खेस, यादव प्रधान, बबलू दास सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद थे.

