चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ- गोइलकेरा मुख्य सड़क पर शनिवार को चमकपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. इस हादसे में चांडीपोस निवासी 16 वर्षीय बिरसा गोप और 17 वर्षीय मनजीत गोप गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सोनुआ पुलिस को सूचना दी. पुलिस दल- बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सोनुआ अस्पताल भेजा. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सोनुआ बाजार से सामान खरीदकर स्कूटी से अपने घर चांडीपोस लौट रहे थे. इसी दौरान गोइलकेरा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वाहन ने उन्हें रौंदते हुए भाग निकला. हादसे में बिरसा गोप का पैर टूट गया, जबकि मनजीत गोप के कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.
पुलिस ने बताया कि फरार वाहन की तलाश की जा रही है. आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

