चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरंगा गांव के पास बुधवार की शाम एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान ओमडा निवासी अमन लेव बरला (19) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह आनंदपुर जिला परिषद सदस्य विजय भेंगरा का रिश्तेदार है.

मिली जानकारी के अनुसार, अमन लेव बरला भालडूंगरी से सिदुआ गांव स्थित अपने एक दोस्त के घर गया था. वहां से लौटने के दौरान सारंगा और ठियाटांगर गांव के बीच उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे करीब 8 से 10 फीट नीचे जा गिरी. इस हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल युवक को इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद आनंदपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

