गम्हरिया: सरायकेला जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत आनंदपुर मौजा में निर्माणाधीन वॉटरमार्क प्रोजेक्ट पर अब कार्रवाई की तलवार लटकती नजर आ रही है. इंडिया न्यूज़ वायरल की रिपोर्ट के करीब दो साल बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और सरकारी अनाबाद बिहार सरकार की जमीन पर अवैध अतिक्रमण की पुष्टि हुई है. नगर निगम ने पूरे मामले से उपायुक्त को अवगत कराते हुए अग्रेतर कार्रवाई की अनुशंसा की है.

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पूर्व इंडिया न्यूज़ वायरल द्वारा इस मामले का खुलासा किया गया था. जांच में तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी पारुल सिंह ने पाया था कि आनंदपुर मौजा में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में लगभग 1.92.82 एकड़ सरकारी नाबाद बिहार सरकार की जमीन, बांध एवं सर्वसाधारण भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कराया जा रहा है. तत्कालीन एसडीओ ने संबंधित डेवलपर को दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया था. हालांकि समय बीतने और उनके तबादले के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया और इस बीच प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य जारी रहा.
देखें indianewsviral की खबर 👇
https://indianewsviral.co.in/gamharia-watermark-project-dispute/
हाल ही में नगर निगम द्वारा अंचल और निगम के अमीन से कराई गई जांच में थाना नंबर 62, खाता संख्या 105, प्लॉट संख्या 63, 27, 28 और 29 में अवैध निर्माण की पुष्टि हुई है. रिपोर्ट के अनुसार प्लॉट संख्या 63 में प्रवेश द्वार और गार्ड रूम, 28 एवं 29 में कार्यालय तथा 27 में पहुंच पथ का निर्माण किया गया है, जो सरकारी भूमि है.
मामले में नक्शा विचलन और गलत नक्शा पास कराने की भी जांच की संभावना है. साथ ही लेबर सेस जमा किए बिना प्लीन्थ निर्माण कार्य का मुद्दा भी सामने आया है. अब उपायुक्त इस रिपोर्ट पर क्या निर्णय लेते हैं, इस पर सबकी नजर टिकी है. नियमों के अनुसार दोष सिद्ध होने पर भारी जुर्माना और अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई संभव है.

