खरसावां: पथ निरीक्षण भवन में वृहद झारखण्ड मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय अध्यक्ष बिरसा सोय की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि होली पर्व को देखते हुए 4 मार्च 2026 को प्रस्तावित प्रथम वार्षिक अधिवेशन को स्थगित कर अब 8 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा.

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष बिरसा सोय ने कहा कि संगठन का यह पहला वार्षिक अधिवेशन ऐतिहासिक होगा. इसमें कोल्हान प्रमंडल सहित झारखण्ड के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे. उन्होंने बताया कि अधिवेशन के माध्यम से सैकड़ों नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने की योजना है.
केंद्रीय महासचिव भरत सिंह गागराई ने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी और पलायन को गंभीर समस्या बताया. उन्होंने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद भी अपेक्षित विकास धरातल पर नहीं दिख रहा है. सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति चिंताजनक है.
केंद्रीय कोषाध्यक्ष अभय सिंह जामुदा ने वर्तमान शासन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में मूल निवासियों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है. उन्होंने झारखण्डियों से एकजुट होकर आवाज बुलंद करने की अपील की.
पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष दुर्गा चरण पुरती ने बताया कि 8 मार्च को होने वाले अधिवेशन की तैयारी शुरू कर दी गई है और इसे सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय हो चुके हैं.

