छपरा: लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर शनिवार को उपराष्ट्रपति डॉक्टर सीपी राधाकृष्णन बिहार के सारण जिले स्थित सिताबदियारा पहुंचे और जेपी की आत्म प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इस अवसर पर आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति ने लोकनायक के विचारों और योगदान को याद करते हुए कहा कि जेपी का ‘संपूर्ण क्रांति’ का संदेश आज भी देश के लिए मार्गदर्शक है.

पटना से सड़क मार्ग से पहुंचे उपराष्ट्रपति का सिताबदियारा में भव्य स्वागत किया गया. सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के बीच उन्होंने जेपी स्मारक स्थल पर माल्यार्पण किया और स्थानीय लोगों से भी संवाद किया. इस दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, वहीं एक जेपी सेनानी ने उपराष्ट्रपति को पेंशन नहीं मिलने की शिकायत भी की.
करीब 45 मिनट तक उपराष्ट्रपति स्मारक स्थल पर रुके और फिर लोकनायक जयप्रकाश नारायण स्मृति भवन में आयोजित अन्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए. उनके साथ जिला प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
लोकनायक जयप्रकाश नारायण का जन्म 11 अक्टूबर 1902 को सारण जिले के सिताबदियारा गांव में हुआ था. वे स्वतंत्रता संग्राम के प्रखर योद्धा रहे और हजारीबाग जेल से दीवार फांदकर भागने की घटना आज भी प्रेरणादायक है. आज़ादी के बाद उन्होंने सत्ता की राजनीति से दूर रहकर सर्वोदय आंदोलन और संपूर्ण क्रांति के माध्यम से जनजागरण का कार्य किया.
1974 में दिए गए उनके नारे “सिंहासन खाली करो, जनता आती है” ने देश की राजनीति को नई दिशा दी. आज की राजनीति में कई नेता लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार, स्व. रामविलास पासवान और स्व. सुशील मोदी—जेपी के संपूर्ण क्रांति आंदोलन की उपज माने जाते हैं. वहीं, लोकनायक के गांव सिताबदियारा के लोगों ने कहा कि क्षेत्र की कई समस्याएं अब भी बरकरार हैं, जिन पर जनप्रतिनिधियों को ध्यान देने की जरूरत है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
