मधुपुर/ Md. Aslam शहर के बावनबीघा स्थित रामकृष्ण विवेकानंद मिशन एवं विवेकानंद मठ, मधुपुर शाखा के प्रभु धाम परिसर में सोमवार को युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर मठ परिसर में विशेष प्रार्थना और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई. इसके पश्चात युवाओं और बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और मैजिक शो का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में रचनात्मकता और उत्साह का संचार हुआ.
मठ परिसर में अध्ययनरत बच्चों के बीच विशेष पुरस्कार और प्रसाद का वितरण किया गया. वहीं समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए गरीब और असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया. कंबल वितरण का कार्य मठ के स्वामी स्वरूपानंद महाराज और मठ सचिव हराधन बाबू के कर- कमलों द्वारा संपन्न कराया गया.
कार्यक्रम में आशिष सिन्हा, बिदरो मित्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे. अतिथियों में मेहमान लालू मंडल, दीपक राय, संजय नंदी समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे. सभी उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
मठ प्रबंधन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इस तरह के आयोजनों से समाज में सेवा, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूती मिलती है.

