आदित्यपुर: नगर निगम के पूर्व महापौर और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार श्रीवास्तव की तबियत में सुधार हो रहा है. मंगलवार को आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह राजद नेता पुरेन्द्र नारायण सिंह TMH पहुंचे और वहां उन्होंने पूर्व मेयर के स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की.

साथ ही उन्होंने पूर्व मेयर के पुत्र अभिषेक विशाल से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़े हैं.
बताया गया कि दो दिन पूर्व विनोद कुमार श्रीवास्तव की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद परिजनों ने उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया था. सोमवार देर रात तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जिसके बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं.
डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे तेजी से रिकवर कर रहे हैं. संक्रमण से बचाव के लिए उन्हें आईसीयू में रखा गया है. चिकित्सकों ने बताया कि उम्र से संबंधित बीमारियां होने के कारण अतिरिक्त निगरानी की आवश्यकता है. फिलहाल चिकित्सा टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और सुधार जारी है.

