सरायकेला/ Bipin Varshney जिले के गम्हरिया स्थित टायो कॉलोनी निवासी आयुष कुमार को लेकर शुक्रवार को प्रकाशित आईएएस परीक्षा में सफलता की खबर बाद में भ्रामक साबित हुई. दरअसल प्रतिष्ठित भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) परीक्षा 2025 के परिणाम जारी होने के बाद आयुष कुमार ने स्वयं के सफल होने और ऑल इंडिया रैंकिंग में 143वां स्थान प्राप्त करने का दावा किया था.

उन्होंने यह जानकारी मीडिया को भी दी थी. हालांकि बाद में जब रोल नंबर और अन्य विवरण का मिलान किया गया तो स्पष्ट हुआ कि ऑल इंडिया रैंक 143 प्राप्त करने वाले आयुष कुमार बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले हैं.
इस संबंध में आयुष कुमार ने खुद इंडिया न्यूज़ वायरल से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि वह भी यूपीएससी परीक्षा में शामिल हुए थे. परिणाम देखने के दौरान नाम देखकर वह काफी उत्साहित हो गए और रोल नंबर व पिता का नाम जांच नहीं कर सके. इसी वजह से भावुक होकर उन्होंने यूपीएससी परीक्षा पास करने की जानकारी दे दी.
बाद में जब पूरी जानकारी सामने आई तो उन्होंने खुद ही इस खबर का खंडन किया. आयुष कुमार ने इस मामले में हुई गलती के लिए मीडिया से भी माफी मांगी है.
आयुष कुमार प्रदीप कुमार के पुत्र हैं और उनका निवास गम्हरिया के टायो कॉलोनी में है. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा विद्या ज्योति स्कूल, गम्हरिया से प्राप्त की है. इसके बाद उन्होंने प्लस टू की पढ़ाई चिन्मया विद्यालय, साउथ पार्क, बिष्टुपुर से पूरी की. उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने गुरु घांसीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. वर्तमान में आयुष कुमार बेंगलुरु में आईटी विभाग में कार्यरत हैं.

