चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत गोंडासाई उड़ानचौका में नव वर्ष 2026 के उपलक्ष्य पर ‘सेंयाँ मरसल यंग कमिटी’ की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ. समापन समारोह के दौरान आदिवासी जिलिंगताड़ का सामूहिक पारंपरिक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया.

प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के बालक- बालिकाओं, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. दौड़, लंबी कूद सहित कई खेल स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया. ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस प्रतियोगिता ने खेलों के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान को भी दर्शाया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोड़ाहाट पंचायत के मुखिया जोसेफ मुर्मू उपस्थित रहे. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए. खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक विकास में भी अहम भूमिका निभाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां के खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे.
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. वहीं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड ग्रामीण बैंक पोड़ाहाट शाखा के प्रबंधक अजीत टोप्पो ने बच्चों के बीच कॉपी, कलम और पानी की बोतलों का वितरण किया.

