रांची/नर्मदा (गुजरात): धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में झारखंड से पहुंचे बिरसा मुंडा के वंशजों का सम्मान किया गया. कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के वंशज बुधराम मुंडा और रवि मुंडा को गुजरात सरकार द्वारा विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था.

दोनों वंशजों ने आज समारोह में भाग लिया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सम्मानित किया. पीएम मोदी ने इस मौके पर धरती आबा बिरसा मुंडा के योगदान को अद्वितीय बताते हुए कहा कि उनके साहस, संघर्ष और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए बलिदान ने देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है.

समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय, स्थानीय नागरिक और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि उपस्थित थे. प्रधानमंत्री द्वारा किए गए इस सम्मान ने पूरे झारखंड में गर्व और उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है.


