सरायकेला: नगर भवन में मंगलवार को ToFEI (टोबैको फ्री एजुकेशनल इंस्टिट्यूशन) गाइडलाइन पर आधारित जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. यह कार्यशाला उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसमें जिले के लगभग 400 शिक्षक एवं विद्यालय प्राचार्य शामिल हुए.

कार्यक्रम का शुभारंभ खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया.
इस अवसर पर अतिथियों ने तम्बाकू नियंत्रण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किशोरों और युवाओं को तम्बाकू की लत से बचाने की आवश्यकता पर बल दिया.

राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत जिला परामर्शी द्वारा गाइडलाइन फॉर टोबैको फ्री एजुकेशनल इंस्टिट्यूशन (रिवाइज्ड) – ToFEI की विस्तार से जानकारी दी गई. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी इस गाइडलाइन का उद्देश्य सभी शैक्षणिक संस्थानों को तम्बाकू मुक्त बनाना है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष 2025- 26 में सरायकेला- खरसावां जिले के सभी विद्यालयों को तम्बाकू मुक्त घोषित किया जाना है.
कार्यशाला के दौरान सभी विद्यालय प्राचार्यों को निर्देश दिया गया कि वे विद्यालय के मुख्य द्वार के समीप “तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थान” का दीवार लेखन अनिवार्य रूप से कराएं. प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सरायकेला, दिनेश कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विद्यालयों में मुख्य द्वार पर दीवार लेखन अनिवार्य है और इसे 31 मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए. निरीक्षण के दौरान दीवार लेखन नहीं पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्राचार्य के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों को तम्बाकू नियंत्रण एवं ToFEI से संबंधित पाँच प्रकार की IEC सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि विद्यालय स्तर पर नियमित जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा सकें.
कार्यशाला में डॉ. कामिनी लता, डॉ. आकाश साहा, APO मनोज कुमार, जिला परामर्शी एनटीसीपी, टाटा ट्रस्ट के प्रतिनिधि पुष्कर भूषण डीपीए- एनसीडी सहित जिले के सभी प्रखण्डों के विद्यालय प्राचार्य उपस्थित रहे.

