जमशेदपुर: टेल्को थाना अंतर्गत थीम पार्क में नशा करने के दौरान दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना में जुगसलाई मिल्लतनगर निवासी अब्दुल सुफियान और उसका साथी सोहेल अहमद घायल हो गए हैं. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार अब्दुल सुफियान ने बताया कि उसके दोस्त सोहेल अहमद ने उसे फोन कर बाइक लेकर बुलाया था. इसके बाद दोनों बाइक से टेल्को स्थित थीम पार्क पहुंचे. वहां पहले से सोहेल का एक साथी विनीत समेत कुछ अन्य युवक मौजूद थे. सभी आपस में नशा करने लगे.
इसी दौरान अचानक विनीत ने धारदार हथियार निकालकर सोहेल के सिर पर वार करना शुरू कर दिया. घटना को देखकर अब्दुल वहां से भागने लगा, लेकिन आरोपी विनीत ने उस पर भी हमला कर दिया.
अब्दुल किसी तरह जान बचाकर पैदल ही टेल्को पहुंचा और फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया. अब्दुल के सिर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं. इधर, घटना की सूचना मिलने पर टेल्को थाना की पुलिस टीम थीम पार्क पहुंची और देर रात तक सोहेल अहमद की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी.
भूल सुधार
इस खबर को लेकर हमने सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मौत की पुष्टि की थी मगर वह खबर भ्रामक निकला. इसके लिए हम क्षमाप्रार्थी हैं.

