जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर खड़ी टाटा- खड़गपुर पैसेंजर ट्रेन के कोच में बीते एक जनवरी को यात्री पर चाकू से हमला कर छिनतई के प्रयास मामले में आरपीएफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आरपीएफ ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

विदित हो कि इस घटना में रायगढ़ निवासी संदीप कुमार मंडल चाकू से गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसने टाटानगर रेल थाना में मामला दर्ज कराया था. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 4 जनवरी की रात आरपीएफ उड़नदस्ता दल, आरपीएफ पोस्ट टाटा और जीआरपी टाटा की संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध युवक को टाटानगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल उर्फ रोहित कुमार बताया, जो बागबेड़ा का निवासी है.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि टाटा- खड़गपुर पैसेंजर ट्रेन में यात्री से छिनतई के प्रयास के दौरान उसने चाकू से हमला किया था. आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है. आरोपी राहुल ने यह भी बताया कि स्टेशन में घटना को अंजाम देने के बाद वह अपने साथियों के साथ स्टेशन से बाहर निकल गया था और पुराने सिंह होटल के पास सुनसान स्थान पर एक अन्य व्यक्ति से सामान छिनने के प्रयास के दौरान उस पर भी चाकू से हमला किया था, जिसके बाद वे लोग फरार हो गए थे.
आरपीएफ ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार राहुल उर्फ रोहित कुमार पहले भी मोबाइल चोरी के आरोप में टाटानगर रेल थाना से जेल जा चुका है. मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

