जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की उड़नदस्ते ने सघन जांच के दौरान दो मानव तस्करों को गिरफ्तार किया है. इन तस्करों के द्वारा 13 नाबालिग बच्चों को काम दिलाने के नाम पर तमिलनाडु के सलेम ले जाया जा रहा था. रेस्क्यू किए गए नाबालिगों में 12 लड़कियां और 1 लड़का शामिल है, जिनकी उम्र लगभग 13 वर्ष से 16 वर्ष के बीच बताई गई है. सभी नाबालिग पश्चिम सिंहभूम जिले के निवासी हैं और दोनों तस्कर सुनील और जमबीरा भी उसी जिले से हैं.

टाटानगर आरपीएफ अफसर इंचार्ज राकेश मोहन ने बताया कि जांच के दौरान प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में नाबालिग एक साथ पाए गए, जबकि उनके साथ केवल दो वयस्क मौजूद थे. पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सभी को आरपीएफ थाना लाया गया. विस्तृत जांच में यह स्पष्ट हुआ कि नाबालिगों को नौकरी का झांसा देकर सलेम ले जाया जा रहा था.
आरपीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों मानव तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी नाबालिगों को चाइल्डलाइन के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस पूरी कार्रवाई से टाटानगर स्टेशन पर मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया गया है.

