जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री गेट पार्किंग शुक्रवार रात एक बार फिर विवादों में आ गई. पार्किंग कर्मियों ने पटना जाने वाले यात्री को हॉकी स्टिक से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

घायल यात्री की पहचान बिहार निवासी मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो काम की तलाश में जमशेदपुर आए थे और साउथ बिहार एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचे थे. जानकारी के अनुसार पार्किंग शुल्क को लेकर उनकी बहस पार्किंग कर्मियों से हो गई, जिसके बाद कर्मियों ने उन पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया.
गंभीर चोटिल मनीष किसी तरह जीआरपी थाना पहुंचे, लेकिन मामला वहीं खत्म नहीं हुआ. थोड़ी देर बाद पार्किंग से जुड़े 8 से 10 युवक थाने पहुंच गए और पुलिस के सामने ही मनीष को जान से मारने की धमकी दी. यहां तक कि हाथापाई करने की कोशिश भी की गई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रियों से विवाद, धमकी और वसूली जैसी घटनाएं आए दिन घटती रहती हैं. उन्होंने रेलवे और जिला प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

