जमशेदपुर (Charanjeet Singh)
रेलवे छह महीने में इंजन केबिन में टूल बॉक्स की जगह बनाएगा, जिससे लोको पायलट को बॉक्स नहीं ढोना पड़े. दूसरी ओर टूल बॉक्स का वजन भी कम करने की योजना है. ट्रॉली बैग के मुद्दे पर गुरुवार को चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय में रेल अधिकारियों एवं मेंस कांग्रेस, मेंस यूनियन, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कर्मचारी संघ, ओबीसी कर्मचारी संघ, लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन और गार्ड काउंसिल के प्रतिनिधियों की बैठक में अधिकारियों ने यह आश्वासन दिया है.
दरअसल रेलवे में एक अगस्त से रनिंग कर्मचारियों लोको पायलट और गार्ड के लिए लाइन बॉक्स खुद उठाने का आदेश हुआ है, जिसका विरोध दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के मंडल और स्टेशनों पर हो रहा है. आदेश पर पुनर्विचार के लिए मेंस कांग्रेस के जोनल महासचिव शशि मिश्रा, अलारसा के पारस कुमार व मेंस यूनियन के एमके सिंह रेल अधिकारियों से मिले थे. बैठक में मेंस कांग्रेस नेता एवं लोको पायलट ने कई तरह की समस्याओं को मंडल अधिकारियों के समक्ष रखा है, जिसमें चक्रधरपुर रेल मंडल के वरीय कार्मिक अधिकारी श्रीरंगम हरिताश, सीनियर डीओएम कोआर्डिनेशन गजराज सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित थे. मेंस कांग्रेस के महासचिव शशि मिश्रा ने कहा कि बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई है, जिसका लाभ कर्मचारियों को भविष्य में मिलेगा.

विज्ञापन
