जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह थाना क्षेत्र के हलूदबनी निवासी राजेश प्रसाद की 70 वर्षीय माता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद टाटानगर रेलवे अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है.

परिजनों के अनुसार 3 तारीख को सांस लेने में तकलीफ होने पर वृद्ध महिला को टाटानगर रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिवार का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों द्वारा उचित देखभाल नहीं की गई, जिसके कारण उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई.
परिजनों का यह भी कहना है कि महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें इसकी आधिकारिक सूचना तक नहीं दी. उनका दावा है कि अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों से उन्हें जानकारी मिली कि उनकी माता का निधन हो चुका है.
सूचना मिलने के बाद जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां मौजूद अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ के साथ उनकी तीखी कहासुनी हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई.
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

