आदित्यपुर/ Parmeshwar टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नीतेश राज के पिता और शहर के सम्मानित व्यक्तित्व स्वर्गीय नागेंद्र प्रसाद का मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ. उनके बड़े पुत्र राजेश कुमार ने मुखाग्नि दी. 80 वर्षीय नागेंद्र प्रसाद का रविवार शाम हृदयाघात के कारण निधन हो गया था. उनके आकस्मिक निधन से टाटा वर्कर्स यूनियन समेत औद्योगिक और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है.

मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उनकी अंतिम यात्रा आदित्यपुर- 2 स्थित उनके आवास एलआईजी-48 से निकली. अंतिम यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. उल्लेखनीय है कि रविवार शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल ले गए थे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
स्वर्गीय नागेंद्र प्रसाद का परिवार दशकों से टाटा स्टील से जुड़ा रहा है. वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके बड़े पुत्र राजेश कुमार टाटा स्टील में अधिकारी पद पर कार्यरत हैं, जबकि छोटे पुत्र नीतेश राज टाटा स्टील के कर्मचारी होने के साथ- साथ टाटा वर्कर्स यूनियन में सहायक सचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
अंतिम संस्कार के दौरान आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नागेंद्र प्रसाद जी एक सशक्त अभिभावक और मार्गदर्शक थे, जिनका सानिध्य सदैव मिलता रहा.
अंतिम संस्कार में पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार, आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, महासचिव सतीश सिंह, शाहनवाज आलम, संजीव तिवारी, संजय सिंह, आमोद दुबे, अजय चौधरी, आर रवि प्रसाद, धर्मेंद्र उपाध्याय, जयप्रकाश सिंह, टूटू वर्मा, ज्ञान रंजन, आरका जैन यूनिवर्सिटी के निदेशक अमित श्रीवास्तव, टाटा स्टील के वरीय अधिकारी जुबिन पालिया, अभिक चटर्जी, अजय कुमार झा, झामुमो नेता पवन कुमार, अमृत महतो, कांग्रेस नेता राकेशेश्वर पांडे, रघुनाथ पांडेय, विजय खान, समरेंद्रनाथ तिवारी, प्रभात रंजन श्रीवास्तव, धर्मेंद्र सोनकर, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के संजय पांडे, समय कंस्ट्रक्शन के निदेशक अनूप रंजन, भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह, सतीश शर्मा सहित झामुमो, भाजपा, कांग्रेस, राजद और मजदूर यूनियनों के कई वरिष्ठ नेताओं ने घाट पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की.

