आदित्यपुर: टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज के पिता नागेंद्र प्रसाद का रविवार शाम हृदयाघात से निधन हो गया. वे 80 वर्ष के थे और आदित्यपुर एचआईजी कॉलोनी में रहते थे. उनके आकस्मिक निधन से टाटा वर्कर्स यूनियन सहित औद्योगिक जगत में शोक का माहौल है.

परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल लाया गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. नागेंद्र प्रसाद अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियों का भरा- पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनका परिवार वर्षों से टाटा स्टील से जुड़ा रहा है. उनके बड़े पुत्र राजेश कुमार टाटा स्टील में अधिकारी हैं, जबकि छोटे पुत्र नितेश राज टाटा स्टील के कर्मचारी होने के साथ- साथ टाटा वर्कर्स यूनियन में सहायक सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
निधन की खबर मिलते ही टाटा वर्कर्स यूनियन के कोषाध्यक्ष अमोद दुबे, वरीय उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय सहित कई पदाधिकारी और कमेटी सदस्य टीएमएच पहुंचे. सभी ने शोकसंतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदना प्रकट की. इस बीच आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह ने भी नागेंद्र प्रसाद के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.

